नई दिल्ली, ब्यूरो । संसद के बजट सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है।अपने भाषण की शुरूआत में उन्होंने कहा कि लोकसभा में कई मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई, आने वाले चुनावों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए सभी को शुभकामनाएं। चुनौतियों को चुनौती देना देश का स्वभाव होता है, जो चुनौतियों से भागते हैं वह नई चुनौतियों को जन्म देते हैं।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव देते हुए उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार की पहचान ईमानदारी और पारदर्शिता के लिए है। पीएम मोदी ने कहा चुनावी वर्ष में सभी को कुछ न कुछ बोलने की मजबूरी होती है। सियासी दावों के सामने सभी पार्टियों के लिए चुनाव मजबूरी है।
कांग्रेस पर निशाना
मोदी ने कहा ‘कुछ लोगों के लिए BC और AD की अपनी परिभाषा है। उनके लिए BC का मतलब Before Congress और AD का मतलब After Dynasty है। मोदी की आलोचना कीजिए, सरकार की नीतियों की आलोचना कीजिए, लेकिन आलोचना करते-करते देश की की बुराई की जाने लगती है।
मोदी ने इसके अलावा कहा कि आप कहते हैं कि मोदी देश संस्थाओं को बर्बाद कर रहे हैं, लेकिन हमारे यहां एक कहावत हैं ‘उल्टा चोर चौकीदार को डांटे’। आपने सेनाअध्यक्ष को गुंडा कहा, न्यायपालिका पर सवाल उठाए। आपने चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए, कांग्रेस ने 50 बार चुनी हुई सरकारों को गिराया। जब देश के खिलाड़ी कॉमनवेल्थ में जीतने की तैयारी कर रहे थे, तब ये लोग अपनी वेल्थ में लगे थे।
यहीं नहीं पीएम ने आर्थिक भगोड़ों के सहारे भी कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, ‘जो लोग भाग गए हैं, वह सुबह उठकर ट्विटर पर रो रहे हैं कि हम 9000 करोड़ लेकर भागे थे, हमारी 13000 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हो गई है। आपने लोगों को लूटने दिया, हमने उसके खिलाफ कानून बनाया।’ उन्होंने कहा कि कालेधन पर हम प्रतिबद्ध है और इसके साथ कोई समझौता नहीं होगा। हम घोटाले के तीन-तीन राजदारों को पकड़कर लाए हैं।
हमें ना किसी का एहसान चाहिए ना हम किसी के एहसान पर जिंदा हैं।
पीएम ने रॉबर्ट वाड्रा का नाम लिए उन पर निशाना भी साधा। मोदी ने कहा ‘लोगों की बड़ी-बड़ी प्रॉपर्टी निकल रही है। बेनामी संपत्ति जब्त होने से आज लोग परेशान हैं।’
सर्जिकल स्ट्राइक की नहीं सोच सकती थी कांग्रेस
मोदी ने इसके अलावा सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में सोचा तक नहीं जाता था। उस समय जवानों को बुलेट प्रूफ जैकेट तक नहीं दिए गए।
मोदी ने महागठबंधन को बताया ‘महामिलावट’
पीएम मोदी ने विपक्ष के महागठबंधन को लेकर भी जबरदस्त हमला बोला। मोदी ने महागठबंधन को ‘महामिलावट’ बताते हुए कहा, ‘कोलकाता में एक साथ आते हैं, राज्यों में एक-दूसरे का मुंह नहीं देखते। हेल्दी डिमॉक्रेसी वाले लोग ‘महामिलावट’ से दूर रहेंगे।’
पीएम मोदी ने नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को एक कविता से जवाब भी दिया। वे बोले, ‘जब कभी झूठ की बस्ती में सच तड़पते देखा है, तब मैंने अपने भीतर किसी बच्चे को सिसकते देखा है।